कुसमी, 26 मई। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुघरीकला में हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने पीकअप वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना 16 फरवरी 2026 की है, घायल पक्ष द्वारा इलाज के बाद अब थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम घुघरीकला निवासी बिनोद सामर ने थाना कुसमी में रिपोर्ट दर्ज कराया हैं कि 16 फरवरी की दोपहर करीब 12:30 बजे उसके पिता दुखन सामर घर के सामने सड़क किनारे बैठे थे। इसी दौरान पीकअप क्रमांक सीजी 15 डीसी 6059 का चालक योगेश कुमार निवासी पड़रा आमा खिरटी मोरगा, जिला कोरबा, वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए आया और नियंत्रण खो बैठा। वाहन की चपेट में आने से दुखन सामर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में घायल के दाहिने पैर की जांघ, पसली टूटने तथा फेफड़े में गंभीर चोट लगने की जानकारी दी गई है। परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद वाहन चालक एवं वाहन स्वामी गजेंद्र कुमार लकड़ा द्वारा इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद घायल को उपचार के लिए पहले अंबिकापुर स्थित एकता हॉस्पिटल में 16 फरवरी से 25 फरवरी तक भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर रायपुर के मेड लाइफ हॉस्पिटल में 26 फरवरी से 16 मार्च तक इलाज चला।
परिजनों के अनुसार आर्थिक स्थिति कमजोर होने तथा पर्याप्त सहायता नहीं मिलने के कारण घायल को वापस घर लाना पड़ा। वर्तमान में घायल घर पर ऑक्सीजन के सहारे उपचाररत हैं और चलने-फिरने में असमर्थ बताए जा रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि बाद में पिकअप वाहन चालक एवं मालिक द्वारा इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने से इनकार कर दिया गया, जिसके बाद 25 मई को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।