कुसमी 13 मई स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुसमी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया बुधवार 13 मई को शासन के निर्देशानुसार लॉटरी प्रणाली के माध्यम से पूरी की गई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रक्रिया में कक्षा 1वीं, 4वीं, 5वीं, 8वीं, 9वीं एवं 10वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पारदर्शी ढंग से चयन किया गया।विद्यालय प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कक्षा 1वीं में 50 सीट, कक्षा 4वीं में 1 सीट, कक्षा 5वीं में 1 सीट, कक्षा 8वीं में 1 सीट, कक्षा 9वीं में 3 सीट तथा कक्षा 10वीं में 1 सीट के लिए आवेदन प्राप्त हुए थे। निर्धारित समय पर अभिभावकों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में लॉटरी निकाली गई और शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए चयन प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।प्रवेश प्रक्रिया के दौरान कुसमी बीईओ मनोज कुमार गुप्ता, जनपद अभिषेक पाण्डेय, नपं उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल, पूर्व सरपंच हरेन्द्र पैंकरा, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।विद्यालय प्रशासन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए अभिभावकों के समक्ष ही लॉटरी निकाली गई, जिससे चयन प्रक्रिया पर सभी की सहमति बनी रही। प्रवेश प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
