कुसमी, 13 मई। विकासखंड कुसमी के ग्राम घूटराडीह में आम तोड़ने पेड़ पर चढ़ा एक 13 वर्षीय छात्र हादसे का शिकार हो गया। पेड़ की डाल टूट जाने से वह काफी ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया, वहीं पसलियों, कूल्हे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार ग्राम घूटराडीह निवासी मंजीत कुमार (13 वर्ष), पिता जयनाथ, कक्षा 7वीं का छात्र है। बुधवार दोपहर वह अपने दोस्तों अशोक, श्याम और रवीश के साथ गांव के सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ पर फल तोड़ने गया था। बताया जा रहा है कि मंजीत पेड़ की काफी ऊंचाई पर चढ़कर एक पतली डाल पर खड़ा होकर आम तोड़ रहा था। इसी दौरान डाल अचानक टूट गई, जिससे वह सीधे जमीन पर गिर पड़ा।घटना में गंभीर चोट लगने से मंजीत मौके पर ही अचेत हो गया। साथ मौजूद बच्चों और ग्रामीणों ने उसे उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ठंडा पानी और हवा देकर राहत पहुंचाने की कोशिश की गई। इसके बाद परिजन निजी वाहन से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। बताया गया कि हादसे के बाद से घायल छात्र न तो चल पा रहा है और न ही बैठ पा रहा है।आम के मौसम में बच्चों की बढ़ती लापरवाहीग्रामीण इलाकों में इन दिनों स्कूलों का ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है। साथ ही आम का सीजन होने के कारण बच्चे झुंड बनाकर पेड़ों के नीचे खेलते और आम तोड़ते देखे जा रहे हैं। कई बच्चे पत्थर मारकर या पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ते हैं। ऐसे में डाल टूटने या संतुलन बिगड़ने से हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने अभिभावकों से बच्चों पर निगरानी रखने की अपील की है।
ऐसे ही ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए ग्राम जागरण