कुसमी में पिकअप की चपेट में आए मजदूर की मौत, चालक पर केस दर्ज

May 15, 2026 8:46 AM

कुसमी 15 मई। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05 थानपारा बस्ती में मजदूर दिवस पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले की जांच के बाद कुसमी पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजकुमार राजवाड़े उर्फ घोड़ा (32) पिता स्वर्गीय ठेरे राजवाड़े, थानपारा बस्ती का निवासी था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। 1 मई की सुबह करीब 9 बजे वार्ड क्रमांक 05 स्थित मुरारी गुप्ता के मकान के सामने एक व्यापारी के गोदाम में किराना सामान लोड करने के लिए 407 पिकअप वाहन पहुंचा था। वाहन को ग्राम करकली निवासी चालक बिहारी राम चला रहा था।बताया गया कि चालक गोदाम के पास वाहन बैक कर रहा था। इसी दौरान राजकुमार पीछे खड़े होकर वाहन को दिशा बता रहा था। क्षेत्र की ऊंची-नीची जमीन के कारण वाहन अचानक असंतुलित होकर मुड़ा और युवक उसकी चपेट में आ गया। पिकअप आगे बढ़ते हुए दीवार से जा टकराया, जिससे राजकुमार वाहन और दीवार के बीच बुरी तरह दब गया।हादसे में युवक के पैर में गंभीर चोट आई, वहीं सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मर्ग सूचना थाना कुसमी भेजी गई। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 36/2026 कायम कर जांच की। विवेचना में वाहन चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक पिकअप बैक करने से हादसा होना पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ धारा 184 एवं 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।स्थानीय लोगों में शोकमजदूरी कर जीवनयापन करने वाले राजकुमार की असमय मौत से थानपारा बस्ती में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment